मुलायम की सरकार से नाराजगी बरकरार
जागरण – ६ घंटे पहले
लखनऊ [जाब्यू]। सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव की सरकार से नाराजगी बरकरार है। गुरुवार को पार्टी की राज्य कार्यकारिणी की बैठक में उन्होंने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और कई मंत्रियों की मौजूदगी में फिर अपना असंतोष जाहिर किया।
मुलायम ने कहा सरकार से जो उम्मीद थी, वह पूरी नहीं हो रही है। लोगों की समस्याएं नहीं सुलझायी जा रही है। कुछ लोग ऐसे हैं जो जनता के काम छोड़ और सारे काम कर रहे है। राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने जोड़ा कि जमीनी कार्यकर्ताओं और संगठन के लोगों की भी सुनवाई नहीं हो रही है। मुख्यमंत्री और पार्टी प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भरोसा दिलाया कि एक हफ्ते के अंदर संगठन और सरकार दोनों में बदलाव दिखेगा।
बैठक में यह बात भी उभरी कि सरकार में नौकरशाही हावी है। मुख्यमंत्री सचिवालय के आदेशों पर भी अमल नहीं किया जा रहा है। यहां तक कहा गया कि केवल अफसरों के तबादलों से काम नहीं चलेगा, जो सही काम नहीं कर रहे हैं उन पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। राज्य कार्यकारिणी की बैठक में पार्टी के दिग्गज नेताओं ने स्वीकारा कि जनता के बीच सरकार को लेकर जो संदेश जाना चाहिए था वह नहीं जा सका है। ऐसे में लोकसभा चुनाव में इसका नुकसान हो सकता है।
काम नहीं कर रहे तो हटाइए :
सरकार की ढिलाई की बात सामने आने पर सपा महासचिव नरेश अग्रवाल ने कहा कि काम नहीं हो रहा है यह कहने से बात नहीं बनेगी। अगर कोई मंत्री गड़बड़ है तो उसे बदल दीजिए। जो अफसर नहीं सुन रहे हैं, उन पर सख्त कार्रवाई करिए।
ब्यूरोक्रेसी में होगा बदलाव :
बैठक में बताया गया कि जल्द ही बड़े पैमाने में ब्यूरोक्रेसी में बदलाव होगा। खराब अधिकारियों को हटाया जाएगा। तर्क दिया गया कि अधिकारियों की कमी के कारण तमाम ऐसे अफसरों से काम चलाना पड़ रहा था जो बसपा के करीबी रहे थे। हाल ही में हुई प्रोन्नति से अब अधिकारियों की कमी दूर हो गयी है।
मुलायम ने दिया मंत्र :
मुलायम ने अखिलेश को मंत्र दिया कि मुख्यमंत्री की सफलता में मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, मुख्यमंत्री सचिवालय, इंटेलीजेंस प्रमुख और सूचना सचिव का काफी हाथ रहता है। ऐसे में इन पदों पर अच्छे और भरोसेमंद अफसर बहुत जरूरी होते हैं। यही अफसर मुख्यमंत्री के आंख-कान का काम करते हैं।
सरकार की ओर से संभाला मोर्चा :
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने जहां जल्द ही बदलाव दिखने की बात कही वहीं वरिष्ठ मंत्री शिवपाल सिंह यादव व अहमद हसन ने मोर्चा संभालते हुए कहा कि सरकार संगठन की अपेक्षाओं पर खरी उतरेगी। तमाम चुनावी वादों को पूरा किया गया है और जो रह गए हैं वह भी जल्द पूरे किए जाएंगे।
युवा संगठनों को भंग करने से दिखे नाराज :
मुलायम इससे भी नाराज दिखे कि पार्टी के युवा संगठनों को भंग कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि अच्छा होता कि जिन लोगों के खिलाफ शिकायत मिली थी, उन पर कार्रवाई की जाती।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें